none

होलिका दहन के बाद आज रंगों की मस्ती और होरियारों की धूम

none

बुधवार रात होलिका जलाई गई। लोगों ने इकट्ठा होकर पूजा की। लोगों ने बताया कि होलिका दहन में शामिल होना बहुत शुभ है। आज रंगों की होली खेली जाएगी। होली के रंग में पूरा शहर रंगा हुआ है। अलग-अलग रंगों में रंगा शहर और भी खूबसूरत दिख रहा है। बाजारों में रंगों की मस्ती के साथ होरियारों की धूम भी दिखने को मिल रही है। वहीं, पिचकारियों और हर्बल रंगों की खरीदारी जारी है। इसके साथ ही युवा होली सेलिब्रेशन के लिए रंगीन ड्रेस के साथ स्टाइलिश दिखने के लिए चश्मा और विग भी खरीद रहे हैं। हर कोई त्यौहार को अपने अंदाज में मना रहा है। होली पर लोगों ने ऑनलाइन चावल, टेसू के फूल से बने रंग मंगवाए हैं, ताकि प्राकृतिक होली खेल सकें। सेक्टरों में भी लोग एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। लेकिन होली खेलते वक्त ध्यान रखें, ताकि जश्न फीका न पड़े।

 

 रंग खेलने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

 - रंग खेलने से पहले नाखूनों पर नेल पॉलिश लगा लें।
- बालों को धोकर अच्छे से सुखा लें। उसके बाद बालों में तेल लगा लें। गंदे बाल में रंग लगने से बाल रूखे और खराब भी होते हैं।
- बालों को बांध लें। खुला होने पर रंग बालों की स्कैल्प तक पहुंच जाएगा। इससे बाल ज्यादा खराब होंगे।
- चेहरे पर सनस्क्रीम लगा लें। इससे तेज धूप में चेहरा झुलसेगा नहीं।
- हर्बल रंगों का प्रयोग करें। बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक रंगों में हानिकारक केमिकल होते हैं। रंग खेलते समय चश्मा लगा सकते हैं।
- शरीर को रंगों से बचाने के लिए पूरी बाजू के सूती कपड़े पहनें। कपड़े यदि भीग जाते हैं तो ये चिपकेंगे नहीं।
- घर से निकलने से पहले चेहरे और शरीर पर तेल या मॉयस्चराइजर लगाएं ताकि आपकी त्वचा सीधे रंगों के संपर्क में नहीं आए। 
- रोम छिद्रों को बंद करने या उनका आकार कम करने के लिए टोनर लगाएं। ऐसा करने से रंग त्वचा के भीतर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। 
- ज्यादा शराब न पीएं। अगर शराब पी रहे हैं तो गाड़ी न चलाएं।

 

ऐसे छुड़ाए होली का रंग
- होली में त्वचा और बालों का रंग हटाना बहुत मुश्किल होता है। इसे हटाने के लिए चेहरे को पहले साफ पानी से धो लें। उसके बाद चेहरे पर क्लींजिंग क्रीम को लगाएं। उसके बाद रुई से चेहरे को साफ करें।
- होली खेलने के बाद सौम्य फेसवॉश या साबुन का ही इस्तेमाल करें। क्योंकि हार्ड साबुन से त्वचा रूखी हो सकती है।
- नहाने के बाद मॉयस्चराइजर और बॉडी लोशन जरूर लगाएं।
- बालों को सौम्य हर्बल शैम्पू से अच्छी तरह धुलें, ताकि केमिकल वाले रंग बालों से निकल जाएं।

 

 


खाने- पीने का भी रखें ध्यान 
- ताजा खाना खाएं। 
- खाने में तेल वाली चीजों का कम प्रयोग करें। 
- पसंदीदा मिठाइयां खाएं लेकिन कम मात्रा में।
- होली के अगले दिन फलों और हरी सब्जियों का प्रयोग करें।