none

अयोध्या में गुरुवार को निकलेगी राम बारात, भव्य रूप से निकालने की तैयारी

none

अयोध्या। राममंदिर पर रामलला के पक्ष में फैसला आने के बाद विहिप सीता-राम विवाहोत्सव को यादगार बनाने में जुट गई है। इसके लिए नेतृत्व जोर-शोर से तैयारी कर रहा है। गुरुवार को कारसेवकपुरम से जनकपुर के लिए निकलने वाली राम बरात की तैयारियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बरात में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराने वाले कतार में खड़े रहे हैं। कार्यक्रम का संयोजन कर रहे विहिप नेता संतों को अक्षत-हल्दी देकर बरात का आमंत्रण दे रहे हैं। बरात का स्वागत करने के लिए दो सुसज्जित मंदिरनुमा रथ अयोध्या पहुंच चुके हैं। रथ की भव्य साज-सज्जा की जा रही है। इन दोनों भव्य रथों पर भगवान के स्वरूप और विग्रह विराजमान होंगे। बरात का हिस्सा बनने के लिए मणिरामदासजी की छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयनदास, संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैयादास, सियाराम किला झुनकीघाट के महंत करुणानिधान शरण, दिगंबर अखाड़ा के महंत सुरेशदास, बड़ाभक्तमाल के उत्तराधिकारी महंत अवधेशदास, गोलाघाट के महंत सियाकिशोरीशरण, महंत रामशरणदास, रामायणी रामशंकर दास, महंत अवधबिहारी दास जैसे प्रमुख संतों ने सहमति दे दी है।

 

यात्रा संयोजक राजेंद्र सिह पंकज ने बताया कि बरात में आसपास के इलाकों के श्रद्धालु शामिल होंगे। बरातियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। विहिप प्रवक्ता शरद शर्मा के मुताबिक कारसेवकपुरम में बरात को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। बरात को रवाना कराने के लिए विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अंबरीष व केंद्रीय प्रबंध समिति के सदस्य पुरुषोत्तमनारायण सिह अयोध्या पहुंच चुके हैं।

 

बरात इसी महीने के अंत तक जनकपुर पहुंचेगी। राम विवाहोत्सव एक दिसंबर को जनकपुर में संपन्न होगा। उत्सव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रण भेजा गया है। उत्सव में नेपाल के शाही परिवार के भी शिरकत करने का अनुमान है।