गोपाष्टमी पर पचोर में 16वां गौ-अन्नकूट महोत्सव: छप्पन भोग लगाकर किया गोवर्धन पूजन, सैकड़ों गायों को खिलाया प्रसाद
पचोर। गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को पचोर की प्रेस कॉलोनी में 16वां वार्षिक गौ-अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत का पूजन कर छप्पन भोग लगाया गया। इसके बाद गोमाता का पूजन कर सैकड़ों गायों को दलिया और अन्नकूट का प्रसाद खिलाया गया। आयोजन में नगर के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साह से भाग लिया।
सुबह से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं ने रंगोली और फूलों से परिसर को सजाया। भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता की आकर्षक झांकी के साथ गोवर्धन पर्वत का प्रतीकात्मक स्वरूप तैयार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन और महाआरती हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से गायों को प्रसाद खिलाकर गोसेवा की। परिसर में जय गोमाता और जय गोपाल के जयकारे गूंजते रहे।

निराश्रित गोवंश की सेवा करने वालों का सम्मान
महोत्सव में निराश्रित गोवंश की सेवा करने वाली शीतला माता गोसेवा समिति के गोसेवकों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। आयोजन की शुरुआत करने वाले नन्नी बाई गुप्ता, प्रकाश गुप्ता और रघु राठौर का भी स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद रोडमल नागर, नगर परिषद अध्यक्ष विकास करोड़िया, श्रीराम गोयल, चंचल मंगल, दामोदर लहरी, अशोक काकाणी, देवेंद्र पाराशर, राजेंद्र जाट, सुदर्शन सोनी, जेपी उदावत, रामबाबू सक्सेना, अमित बंसल और मनीष (मन्नू) यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर भी खिलाया प्रसाद
समिति के सदस्य रघु राठौर, प्रकाश गुप्ता, अर्पित गुप्ता, सचिन गुप्ता, यश राठौर और प्रत्यूष नागर ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर गायों को अन्नकूट की प्रसादी खिलाई। बच्चों और युवाओं ने भी इस सेवा कार्य में सहयोग किया।
16 साल से जारी है आयोजन की परंपरा
समिति सदस्यों ने बताया कि गोपाष्टमी पर गौ-अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत 15 वर्ष पहले की गई थी। इस वर्ष 16वां आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य समाज में गोवंश के प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण की भावना को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को गोसेवा की परंपरा से जोड़ना है।
