पचौर में गौ सेवालय का भूमिपूजन : मंत्री सांसद रहे उपस्थित, नपाध्यक्ष बोले पचोर गौरव दिवस के पूर्व करेंगे निर्माण
पचोर। गोपाष्टमी के अवसर पर मंगलवार को पचोर में गौसेवा के लिए एक नई पहल की शुरुआत हुई। रामपुरिया हनुमान मंदिर के समीप प्रस्तावित गौ-सेवालय का विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद रोडमल नागर, प्रदेश के मंत्री गौतम टेटवाल, महामंडलेश्वर रामगिरी महाराज, महामंडलेश्वर अवधबिहारीदास महाराज सहित संघ के पदाधिकारी उदयसिंह चौहान मंचासीन रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर के नागरिकों और गौसेवा से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विकास करोड़िया ने गौ-सेवालय निर्माण को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि जनवरी में आयोजित होने वाले पचोर गौरव दिवस के पूर्व इसका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर में गौसेवा के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इसके निर्माण में नगर के नागरिकों और समाजसेवियों का सहयोग लिया जा रहा है।
किसने कितनी राशि देने की घोषणा की
गौ-सेवालय के भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य के लिए दानदाताओं ने आर्थिक सहयोग की घोषणाएं भी कीं। मनोज सोनी (खिलचीपुर वाले) ने गौ-सेवालय में शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं आनंद गोयल ने चारा गृह निर्माण की जिम्मेदारी लेने की घोषणा की। श्रीनाथदास जुलानिया ने 1 लाख 51 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
इसके अलावा पचोर के अन्य नागरिकों ने भी गौ-सेवालय निर्माण के लिए आगे आकर सहयोग देने की घोषणा की। आयोजन के पहले ही दिन कुल 15 लाख रुपए की दान राशि देने की घोषणाएं की गईं।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर शुरू हुए इस प्रकल्प को जनसहयोग से पूरा करने की पहल की गई है। अब नगरवासियों की नजर जनवरी में होने वाले पचोर गौरव दिवस से पहले गौ-सेवालय के निर्माण कार्य को पूरा करने के लक्ष्य पर रहेगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विकास दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष मोहन गुप्ता, रामभरोसे यादव जी, श्री ब्रजेश तिवारी, संतोष पाटीदार, महेश कुशवाह, कपिल गुर्जर, भगवान सिंह गुर्जर, सीताराम लहरी, रवि शर्मा , गोलू भंडारी, दामोदर लहरी , अमित गोस्वामी, संजय तिवारी, दिलीप कुशवाह, राधेश्याम लहरी, बद्रीलाल भंडारी, कैलाश देशवाली, दीपक दुबे, संदेश राजौरे, बबीता जुलानिया, कुसुम भारतीय, दीपक जाटव, मोहित राणा, भरत लहरी, सूरज यादव, महेंद्र योगी एवं जनप्रतिनिधि, गौसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।