स्मार्ट मीटर बायपास कर बिजली चोरी कर रहे थे बकायादार: जांच में 25 उपभोक्ता पकड़े गए, पिछले महीने 60 पर हुई थी कार्रवाई
सारंगपुर। बिजली बिल जमा नहीं करने पर विद्युत वितरण कंपनी ने जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली कनेक्शन काटे थे, वे अब मीटर को बायपास कर चोरी-छिपे बिजली का उपयोग कर रहे थे। विभागीय टीम की जांच में ऐसे 25 उपभोक्ता पकड़े गए हैं। सभी के खिलाफ विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिल जमा किए बिना अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
दरअसल, विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर के माध्यम से विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए थे। विभाग की ओर से कनेक्शन काटने के बाद भी कुछ उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा करने के बजाय स्मार्ट मीटर को बायपास कर बिजली का उपयोग शुरू कर दिया।
इसकी जानकारी मिलने पर विभागीय टीम ने ऐसे विच्छेदित कनेक्शनों का निरीक्षण और जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 25 उपभोक्ता स्मार्ट मीटर को बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए मिले। टीम ने मौके पर बिजली चोरी के मामले सामने आने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की।
पिछले महीने भी 60 उपभोक्ता मिले थे बिजली चोरी करते
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पिछले महीने भी इसी तरह का जांच अभियान चलाया गया था। उस दौरान 60 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया था। उनके खिलाफ भी विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज किए गए थे। इसके बाद अब दोबारा हुई कार्रवाई में 25 उपभोक्ताओं के पकड़े जाने से विभाग की सख्ती सामने आई है। लगातार जांच के बावजूद स्मार्ट मीटर को बायपास कर बिजली का उपयोग करने के मामले सामने आ रहे हैं।
विभाग ने दी कार्रवाई की चेतावनी
विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें। विभाग द्वारा विच्छेदित किए गए कनेक्शन को बिना अनुमति दोबारा चालू नहीं करें। स्मार्ट मीटर को बायपास करना या किसी अन्य अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करना विद्युत अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। विभाग ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में निरीक्षण और जांच आगे भी जारी रहेगी तथा बिजली चोरी पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।