दुलहीपुर||करवत स्पोर्ट्स एकेडमी का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, मुख्य अतिथि समाजसेवी अश्वनी शुक्ला रहे*

दुलहीपुर करवत स्थित करवत स्पोर्ट्स एकेडमी का स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एकेडमी के संस्थापक नीरज पटेल के नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं एकेडमी के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी अश्वनी शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह रहे। मुख्य अतिथि अश्वनी शुक्ला ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया गया।स्थापना दिवस समारोह के दौरान एकेडमी परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उपस्थित अतिथियों ने करवत स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

समाजसेवी अश्वनी शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने करवत स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक नीरज पटेल एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एकेडमी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और खेल के माध्यम से क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

वहीं, विशिष्ट अतिथि कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर हो सके। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एकेडमी के संस्थापक नीरज पटेल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं एकेडमी के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करवत स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उन्हें जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि एकेडमी भविष्य में भी खिलाड़ियों के विकास एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।कार्यक्रम में एकेडमी के प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।