राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर चंदौली प्रेस क्लब का भव्य अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन संपन्न

पीडीडीयू नगर: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर 16 नवंबर को चंदौली प्रेस क्लब द्वारा द्वितीय वर्ष आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के पीतांबरी रिजॉर्ट्स बैंक्वेट हॉल में देर रात्रि तक संपन्न हुआ। देश के ख्याति प्राप्त कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं, गीतों, गजलों और भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं हास्य कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर तक ठहाके लगाने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सोनू किन्नर एवं चंदौली प्रेस क्लब के पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद तथा विशिष्ट अतिथि चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
कवि सम्मेलन में मध्य प्रदेश से आए गीतकार प्रतीक चौहान ने अपनी भावपूर्ण पंक्तियों—
“स्वप्न स्वाहा हुए तो हवन हो गया,
नयन झरने झरे आचमन हो गया।
पीर लय में घुली आरती हो गई,
दर्द को स्वर मिला तो भजन हो गया।”
के माध्यम से जीवन के दर्द और संवेदनाओं को स्वर दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावुक कर दिया और खूब सराहना बटोरी।
वहीं बाराबंकी के गीतकार ओम शर्मा ‘ओम’ ने सामाजिक और समसामयिक परिस्थितियों पर कटाक्ष करते हुए पढ़ा—
“ख़ाक में राज़ को दबा देंगे,
शोर से साज़ को दबा देंगे।
आप सोचेंगे सच को सच बोलें,
लोग आवाज़ को दबा देंगे।”
प्रयागराज के हास्य कवि अखिलेश द्विवेदी ने अपनी रचना—
“हम अपना दर्द बांटे या न बांटे पर हँसी बांटे,
भुलाकर सारे ग़म अपने सभी के संग खुशी बांटे।”
सुनाकर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। उनकी हास्य प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।
श्रृंगार रस की कवयित्री उन्नति राधा शर्मा ने प्रेम और विरह की भावनाओं को अपनी पंक्तियों में पिरोते हुए सुनाया—
“शूल पथ के बुहारता होगा,
तितलियों को दुलारता होगा।
याद करके वो हर घड़ी मुझको,
नाम मेरा पुकारता होगा।”
वहीं चंदौली के गजलकार डॉ. सुरेश अकेला ने सामाजिक व्यवस्था और मौजूदा हालात पर व्यंग्य करते हुए पढ़ा—
“जुल्मों-सितम की न्यूज का अख़बार देखकर,
हैरान हूँ ज़माने का किरदार देखकर।
चारों तरफ है लूट मची देख लो यहां,
परेशान हूँ लुटेरा पहरेदार देखकर।”
उनकी गजल ने श्रोताओं को वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर सोचने के लिए मजबूर किया।कार्यक्रम में जनपद के अनेक प्रबुद्धजन, साहित्यकार, समाजसेवी, पत्रकार, संभ्रांत नागरिकों एवं नारी शक्ति सहित सैकड़ों की संख्या में लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कवि सम्मेलन के दौरान भारत माता की जय और काशी क्षेत्र की सांस्कृतिक आस्था के अनुरूप हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा सभागार गूंज उठा। श्रोताओं का उत्साह, जोश और भक्तिभाव देखते ही बन रहा था।इस अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 15 नए सदस्यों को सदस्यता दिलाई तथा सभी का परिचय भी कराया।कार्यक्रम की अध्यक्षता चंदौली प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र पांडेय ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित यह द्वितीय वर्ष का सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि साहित्य से जुड़े रहने, समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सामाजिक एकता के साथ समाज को नई दिशा देने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।मुख्य अतिथि सांसद डॉ. विनोद बिंद ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता सिर्फ समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को सामने लाने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाती है।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पवन तिवारी ने किया। समापन अवसर पर अध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय ने उपस्थित अतिथियों, कवियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, सहयोगियों एवं श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य प्रायोजक के रूप में शुभकामना हाइट्स, जयपुरिया स्कूल, सनबीम स्कूल, रत्नदीप गोल्ड एंड डायमंड तथा फातमा हॉस्पिटल का विशेष सहयोग रहा। चंदौली प्रेस क्लब ने सभी प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में चंदौली प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष राजीव जायसवाल, महामंत्री बृजेश कुमार, सचिव संदीप कुमार निगम, कोषाध्यक्ष कृष्ण मोहन गुप्ता एवं कार्यकारिणी सदस्य करुणापति तिवारी, आशाराम यादव, आनंद सिंह, कमलेश तिवारी, के.सी. श्रीवास्तव, सरदार महेंद्र सिंह, कृष्णा गुप्ता, संजीव पाठक, सूर्य प्रकाश सिंह तथा मीडिया प्रभारी मनोज उपाध्याय सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम देर रात तक साहित्य, संस्कृति, हास्य और सामाजिक सरोकारों की यादगार महफिल के रूप में चलता रहा।