पचोर शहर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर संस्था मातृभूमि के बैनर तले नेवज आरती के 9 वें साल में नेवज तट पर विशाल आरती और चुनरों के साथ नेवज गंगा पूजा का आयोजन किया गया। नपाध्यक्ष ने सप्तनिक नेवज नदी का दुग्धाभिषेक किया। वहीं आरती के साथ ही आकर्षक आतिशबाजी कि गई और लोगों ने जमकर जयकारे लगाए।
पचोर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर मंगलवार की रात नेवज आरती का आयोजन नपाध्यक्ष विकास करोड़िया कि संस्था मातृभूमि ने कराया। नेवज को बचाने और लोगों को नदी से जोड़कर स्वच्छ रखने के प्रयास में शुरू किए गए चुनरी चढ़ाने और गंगा आरती करने के इस आयोजन का यह नवाँ वर्ष था।
नदी के घाट कि आकर्षक विद्युत साज सज्जा के साथ ही लोगों को जीवनदायिनी नेवज के प्रति प्रेम बढ़ाने कि इस अनूठी परंपरा में गंगा आरती के लिए भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों से आटे के दीपक लेकर तट पर पहुंची और आरती में भागीदारी निभाई।
शाम 6:30 बजे से शुरू हुई महाआरती
नपाध्यक्ष विकास करोड़िया और उनकी पत्नी नीति करोड़िया ने यजमान बनकर आचार्य इंद्रजीत पाराशर और संजय शर्मा सहित विद्वान ब्राह्मणों के माध्यम से नेवज नदी का दुग्धाभिषेक किया। नवें वर्ष में प्रवेश के बाद ठीक 6:30 बजे पहले पूजा की गई फिर गंगा आरती की गई। लोगों ने नेवज मैया के जयकारे भी जमकर लगाए।
इस दौरान पूर्व नपाध्यक्ष सीताराम लहरी, नगर पटेल दामोदर लहरी, भाजपा नेता रघुराज राणा, ब्रजेश विजयवर्गीय, वरिष्ठ व्यवसायी बृजभूषण मंगल सहित सेंकड़ो जनप्रतिनिधि और हजारों महिलाएं मौजूद रही।