पचोर। रास्ते में पड़ी गिट्टी हटाने की बात इतनी बिगड़ी कि रिश्तों का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पचोर थाना क्षेत्र के पानिया गांव में 65 वर्षीय धूलसिंह गुर्जर को उनके साले और उसकी पत्नी ने पत्थरों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। शाजापुर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान धूलसिंह की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी साले चंदरसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी पत्नी भूरीबाई फरार है।
घटना 26 नवंबर की सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, धूलसिंह गुर्जर ने रास्ते में पड़ी गिट्टी हटाने के लिए अपने साले चंदरसिंह गुर्जर और उसकी पत्नी भूरीबाई से कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ा तो आरोप है कि चंदरसिंह और उसकी पत्नी ने वहां पड़े पत्थर उठाकर धूलसिंह पर फेंकने शुरू कर दिए। हमले में धूलसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पचोर से शाजापुर रेफर, इलाज के दौरान मौत
घायल धूलसिंह को तत्काल पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम गांव पहुंची, आरोपी गिरफ्तार
एसडीओपी महेश सुनैया के नेतृत्व में थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया पुलिस टीम के साथ पानिया गांव पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और विवेचना के आधार पर आरोपी चंदरसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसकी पत्नी भूरीबाई घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक माया राजपूत, अरविंद, मनीष मीणा और सुनील गुर्जर की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।