पचोर में सस्ती विदेशी करेंसी के नाम पर 5 लाख की ठगी: अंतरराज्यीय गिरोह के 3 गिरफ्तार, 2.40 लाख बरामद
पचोर। मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक युवक को 5 लाख रुपए की चपत लगा गया। ठगों ने दुबई की करेंसी दिरहम बाजार मूल्य से कई गुना कम कीमत पर देने का झांसा दिया और रकम लेने के बाद विदेशी मुद्रा के नाम पर रद्दी से भरा बैग थमा दिया। मामले में पचोर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर 2 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
एसडीओपी अरविंद सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। सारंगपुर के बोराबड़ी निवासी 28 वर्षीय अली असगर सैफी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त को पचोर मंडी में एक महिला और दो पुरुषों ने करेंसी एक्सचेंज के नाम पर उसके साथ 5 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
आरोपियों ने फरियादी को दुबई की मुद्रा दिरहम बेहद सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराने का लालच दिया। बताया गया कि बाजार में 100 दिरहम की कीमत करीब 2700 रुपए है, लेकिन आरोपी इसे महज 400 रुपए में देने की बात कर रहे थे। ज्यादा मुनाफे के लालच में फरियादी ने आरोपियों पर भरोसा कर लिया और उन्हें 5 लाख रुपए दे दिए।
रकम लेने के बाद आरोपी उसे एक बैग देकर फरार हो गए। बैग खोलने पर ऊपर कुछ विदेशी करेंसी नोट मिले, जबकि नीचे रद्दी भरी हुई थी। तब फरियादी को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 405/26 में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक शकुंतला बामनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सुरागों के आधार पर बिहार और दिल्ली के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दुखवा रविदास निवासी कटिहार बिहार, रोबिन अब्दुल निवासी दिल्ली और फहिमा शेख निवासी बदरपुर दिल्ली शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से शेष रकम और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
- कार्रवाई में थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया सहित उप निरीक्षक जगदीश गोयल, अशोक कुमार भगत एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।